कोरोना दुनिया में अब तक 55.87 लाख संक्रमित और 3.47 लाख मौतें

world @ दुनिया में अब तक 55 लाख 87 हजार 129 लोग संक्रमित हैं। 23 लाख 65 हजार 645 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 47 हजार 861 हो गया है। उधर, डब्ल्यूएचओ ने सुरक्षा कारणों के चलते संक्रमण के इलाज के लिए हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के ट्रायल पर रोक लगा दी है। संस्था ने कहा कि ‘लैंसेट’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि इलाज करा रहे लोगों में हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के इस्तेमाल से मौतों की आशंका बढ़ी हुई नजर आई है।

डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस गेब्रियेसस ने सोमवार को बताया कि 17 देशों के चार सौ अस्पतालों में कोरोना के मरीजों पर शुरू किए गए ट्रायल के कार्यकारी समूह की सिफारिश पर यह फैसला किया गया। ‘लैंसेट’ में शुक्रवार को एक रिपोर्ट में बताया गया था कि जिन मरीजों को यह दवा अलग से या माइक्रोलाइड एंटी बायोटिक के साथ दी गई थी, उनमें मृत्यु दर ज्यादा पाई गई।

अमेरिका: 99,805 मौतें @ अमेरिका में हर दिन होने वाली मौतों में कमी आ रही है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, सोमवार को यहां 532 लोगों की जान गई है। देश में अब मरने वालों की संख्या 99 हजार 805 हो चुकी है। वहीं, एक दिन में करीब 19 हजार नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमण का आंकड़ा 17 लाख 6 हजार 226 हो गया है।

स्पेन: विदेशी नागरिक क्वारैंटाइन नहीं होंगे @ जर्मन न्यूज कंपनी डॉयचे वेले के अनुसार स्पेन के पर्यटन मंत्री रेयेस मरोतो ने सोमवार को कहा कि सरकार विदेशी पर्यटकों को जुलाई से देश में आने की अनुमति दे सकती है। तब तक 14 दिन के अनिवार्य क्वारैंटाइन को हटा दिया जाएगा। इस बयान का स्टॉक मार्केट में भी असर हुआ। प्रमुख होटल संचालक मेलिया होटल्स ने शुरुआती कारोबार में 14% की वृद्धि दर्ज की। स्पेन पर्यटकों का दूसरा पसंदीदा देश है। यहां हर साल करीब आठ करोड़ पर्यटक आते हैं।

No Comments

Leave A Comment