विश्व में 42 हजार 322 लोगों की मौत : इटली, फ्रांस और स्पेन में एक दिन में 2 हजार लोगों ने जान गंवाई
world @ दुनियाभर में कोरोनावायरस से आठ लाख 58 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। अब तक 42 हजार 322 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख 78 हजार 101 व्यक्ति स्वस्थ भी हुए हैं। अमेरिका में एक दिन में 811 लोगों की जान गई है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, यहां अब तक चार हजार 76 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक लाख 89 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। वहीं इटली, स्पेन और फ्रांस में एक दिन में दो हजार 84 लोगों की जान जा चुकी है।
कोरोना पर संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि कोरोनावायरस दुनिया के सामने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ी चुनौती है। महामारी को रोकने के लिए दुनियाभर के देशों को ज्यादा मजबूत और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। इसकी वजह से सामाजिक और आर्थिक तबाही हुई है। हम यूएन के 75 साल के इतिहास में पहली बार सबसे बड़े वैश्विक स्वास्थ्य संकट का सामना कर रहे हैं।
अमेरिका: ट्रम्प बोले- मुश्किल दौर के लिए तैयार रहें
राष्ट्रपति ट्रम्प ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में डेली ब्रीफिंग के दौरान कहा, ‘‘अमेरिकियों के लिए अगले दो हफ्ते बेहद दर्दभरे रहने वाले हैं। इसके बाद यहां स्थिति बेहतर होगी। मैं चाहता हूं हर अमेरिकी आने वाले मुश्किल दिनों के लिए तैयार रहे। यह देश के लिए परीक्षा की घड़ी है। पहले हमने कभी ऐसे संकट का सामना नहीं किया। संक्रमितों की संख्या कम करने के लिए उनके प्रति एकजुटता और प्रेम दिखाने की जरूरत है। यह जीवन और मौत का मामला है।’’ बाद में ट्रम्प ने दो हफ्ते को तीन हफ्ते तक बढ़ा दिया। देश में और एक महीने सोशल डिस्टेंसिंग की जा सकती है। व्हाइट हाउस के अधिकारी डेबोराह बीरक्स ने मंगलवार को कहा, “हमारे देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक से दो लाख तक हो सकती है। हमें विश्वास और उम्मीद है कि बीमारी से निपटने के लिए हम हर दिन और बेहतर कर सकते हैं।”
English
French
German
Italian