कोरोना वायरस के चलते 70% तक सस्ता हुआ चिकन, खपत में भी आई 50% की कमी
Business @ कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच देश में चिकन की बिक्री में 50 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है. पिछले एक महीने में इसके दाम 70 फीसदी से ज्यादा गिर गए हैं. गोदरेज एग्रोवेट के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के अफवाह चल रहे हैं कि चिकन से कोरोना वायरस फैल सकता है. इससे बाजार में चिकन के दाम और बिक्री दोनों में गिरावट आई है.
गोदरेज एग्रोवेट के प्रबंध निदेशक बी एस यादव ने कहा कि ग्रुप की पॉल्ट्री शाखा – गोदरेज टायसन फूड्स को भी कठिनाई आई है क्योंकि पिछले एक महीने में इनकी बिक्री में 40 प्रतिशत की भारी कमी आई है. इससे पहले कंपनी की सप्ताह भर में छह लाख चिकन की बिक्री होती थी जिसमें काफी गिरावट आई है. उन्होंने कहा कि हालांकि, अगले 2-3 महीनों में यदि अफवाहों पर विराम लगता है तो इसके बाद चिकन की खपत बढ़ जाएगी और फिर देश में चिकन की कमी की स्थिति उत्पन्न होगी. इसकी वजह से कीमतों में भारी वृद्धि हो सकती है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सरकार ने परामर्श जारी किया है कि कोरोना वायरस चिकन से नहीं फैलता है. राज्य सरकारों से भी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है. ‘भारत में चिकन खाना सुरक्षित है, लेकिन चिकन से कोरोनो वायरस फैलने की अफवाहों ने हमारे देश में केवल एक महीने में 50 प्रतिशत से अधिक की मांग को प्रभावित किया है और बाजार की कीमतों में भी 70 प्रतिशत तक की गिरावट आई हैं.’
भारत सरकार के पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने हाल में कहा था कि किसी भी मनगढ़ंत सूचनाओं पर ध्यान ना दें क्योंकि पोल्ट्री उत्पादों का कोरोना वायरस से कोई भी संबंध नहीं है. ये चिकन पूरी तरह सुरक्षित हैं. लोग निश्चिन्त होकर पोल्ट्री चिकन का उपभोग कर सकते हैं.
पशुपालन मंत्रालय ने इस बात की भी पुष्टि कि है कि दुनिया भर में कोरोना वायरस का पोल्ट्री उत्पादों से कोई कनेक्शन नहीं पाया गया है और ना ही पोल्ट्री बर्ड या पोल्ट्री उत्पाद से किसी भी व्यक्ति में ये वायरस फैला है. इसके साथ ही मंत्रालय की ओर से उच्च-अधिकारियों को लोगों के लिए पत्र जारी करने को कहा गया है.
English
French
German
Italian