कन्हैया बोले- राजद्रोह का केस चलाने की मंजूरी के लिए शुक्रिया केजरीवाल सरकार, सत्यमेव जयते

New Delhi @ जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने अपने खिलाफ राजद्रोह का केस चलाने की मंजूरी मिलने के बाद प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपने खिलाफ राजद्रोह का केस चलाने की मंजूरी देने के लिए दिल्ली की केजरीवाल सरकार को शुक्रिया कहा है. साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है.

सीपीआई नेता कन्हैया कुमार ने ट्वीट किया, ‘राजद्रोह केस में फास्ट ट्रैक कोर्ट और त्वरित कार्रवाई की जरूरत इसलिए है, ताकि देश को पता चल सके कि कैसे राजद्रोह कानून का दुरुपयोग इस पूरे मामले में राजनीतिक लाभ और लोगों को उनके बुनियादी मसलों से भटकाने के लिए किया गया है.’

सीपीआई नेता कन्हैया कुमार ने आगे कहा, ‘दिल्ली सरकार को राजद्रोह केस चलाने की परमिशन देने के लिए धन्यवाद. दिल्ली पुलिस और सरकारी वकीलों से आग्रह है कि इस केस को अब गंभीरता से लिया जाए. फास्ट ट्रैक कोर्ट में स्पीडी ट्रायल हो और कानून की अदालत में न्याय सुनिश्चित किया जाए. सत्यमेव जयते.’

गुरुवार को दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने जेएनयू के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर राजद्रोह का केस चलाने की मंजूरी दे दी थी. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केजरीवाल सरकार से कन्हैया कुमार के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी मांगी थी, जिसकी फाइल काफी समय से लटकी हुई थी. हाल ही में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को फिर से निर्देश दिया था कि वो केजरीवाल सरकार से मामले में अपना रुख साफ करने को कहे.

No Comments

Leave A Comment