ब्राजील के राष्ट्रपति भी पॉजिटिव; दुनिया में कोरोना 1.17 करोड़ केस
world @ दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 1 करोड़ 17 लाख 56 हजार 373 संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 67 लाख 52 हजार 819 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 40 हजार 660 की मौत हो चुकी है। अमेरिका में जिन स्टूडेंट्स की सभी क्लासेस ऑनलाइन शिफ्ट हो गईं हैं, उन्हें देश लौटना होगा। डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन के इस फैसले से कुल 10 लाख स्टूडेंट्स पर असर पड़ेगा। इनमें 2 लाख से ज्यादा भारतीय हैं। हालांकि, मंगलवार देर शाम ट्रम्प प्रशासन ने कहा कि इस फैसले को लागू करते वक्त भारतीयों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
ब्राजील से खबर है कि वहां के राष्ट्रपति कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इससे पहले राष्ट्रपति जैर बोल्सोनारो ने महामारी को नजरंदाज किया था और सोशल डिस्टेंसिंग का भी मजाक उड़ाया था। ब्राजील कोरोना से दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। यहां 16 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं और अब तक 65,556 लोगों की जान गई है।
वहीं, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने विदेशी पर्यटकों को आने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, यूएई में आने वालों को कोरोना से बचाव के कुछ नियम मानने होंगे। यहां पहुंचने पर उनकी पूरी जांच की जाएगी। पर्यटकों को कहीं आने-जाने से पहले फेस मास्क लगाना होगा और सैनिटाइजर अपने साथ रखना होगा। यहां मार्च में संक्रमण के मामले बढ़ने पर विदेशी पर्यटकों के आने पर रोक लगाई गई थी।
ईरान में घर से बाहर निकलने पर फेस मास्क लगाना जरूरी कर दिया गया है। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने शनिवार को इस नए नियम की घोषणा की थी। अब इसे लागू कर दिया गया है। नए नियम के मुताबिक, कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करने और मास्क लगाने पर ही लोगों को सरकारी सेवाएं मिल सकेंगी। प्राइवेट और सरकारी कर्मचारियों के लिए भी इसका पालन करना जरूरी होगा।
English
French
German
Italian