गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला कोरोना पॉजिटिव, प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर हाल जाना

india @ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 29 हजार 421 हो गई। उधर, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें तीन दिन से बुखार था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बात की और हाल जाना। उनका शनिवार को कोरोना टेस्ट करवाया गया था।

उधर, covid19india.org के मुताबिक, शनिवार को रिकॉर्ड 14229 लोग ठीक हुए। अब तक 3 लाख से ज्यादा संक्रमित स्वस्थ हो गए। शनिवार को रिकॉर्ड 20 हजार 132 नए कोरोना मरीज मिले। यह एक दिन में मिले मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले बीते दो दिन लगातार 18 हजार से ज्यादा मरीज मिले थे। इसके अलावा, दिल्ली 80 हजार कोरोना संक्रमितों के साथ राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गई। देश में अब तक 16103 मौतें हो चुकी हैं। इनमें सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में 7273 हुईं। लेकिन आबादी के लिहाज से सबसे ज्यादा जानें दिल्ली में गईं। राजधानी में यहां प्रति 10 लाख की आबादी पर 129 लोगों की मौतें हो रही हैं, जो देश में सबसे ज्यादा है।

मध्यप्रदेश: यहां शनिवार को 167 नए मरीज सामने आए और 4 की जान गई। भोपाल में 41, इंदौर में 32, मुरैना में 18 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 12 हजार 965 हो गई, इनमें से 2444 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 550 लोगों की मौत हुई है।

उत्तरप्रदेश: यहां शनिवार को 606 नए मरीज सामने आए और 19 की जान गई। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 126, गाजियाबाद में 69 और लखनऊ में 29 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 21 हजार 549 हो गई, इनमें से 6685 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 649 लोगों की मौत हुई है।

महाराष्ट्र: यहां शनिवार को 6368 संक्रमित मिले और 167 लोगों की मौत हुई। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 59 हजार 133 हो गई, इनमें से 67 हजार 600 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 7273 ने जान गंवाई।1 जुलाई से मुंबई के अस्पतालों को कोरोना से जुड़ी मौतों की जानकारी गूगल फॉर्म के जरिए देनी होगी।

No Comments

Leave A Comment