WHO ने कहा- अगले हफ्ते विश्व भर में संक्रमण के मामले 1 करोड़ के पार
world @ दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 95 लाख 27 हजार 099 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 51 लाख 75 हजार 240 लोग ठीक भी हुए हैं। 4 लाख 84 हजार 956 लोगों की मौत हो चुकी है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस एडहोनम गेब्रियेसियोस ने बुधवार को कहा कि अगले हफ्ते तक संक्रमण का मामला 1 करोड़ से ज्यादा हो सकता है। फिलहाल, हर हफ्ते 10 लाख से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। वहीं, कई देश ऑक्सीजन कंस्नट्रेटर मशीन की कमी से जूझ रहे हैं।
डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा कि फिलहाल मशीन की मांग आपूर्ति से ज्यादा हो गई है। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के चलते हर दिन 88 हजार बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी होती जा रही है। ऑक्सीजन कंस्नट्रेटर संक्रमित मरीजों को सांस लेने के लिए जरूरी होती है। अगले कुछ दिनों में 120 देशों को 14 हजार ऑक्सीजन कंस्नट्रेटर भेजने की योजना है।
ब्राजील: एक दिन में 42,725 मामले
ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि 24 घंटे में 42,725 मामले सामने आए हैं। वहीं, 1185 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11 लाख 88 हजार 631 पहुंच गई है। यहां मरने वालों की संख्या बढ़कर 53,830 हो गई है। एक दिन पहले ब्राजील में 39,436 मामले सामने आए थे और 1374 लोगों की मौत हुई थी। संक्रमण के मामले में ब्राजील अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है।
रूस: मॉस्को में अब तक 3666 मौतें
मॉस्को में 24 घंटे में संक्रमण से 12 लोगों की मौत हुई है। यहां मरने वालों की संख्या 3669 हो गई है। एक दिन पहले शहर में 14 लोगों की मौत हुई थी। रूस में संक्रमितों की संख्या 6.06 लाख से ज्यादा है। यहां अब तक 8500 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3.68 लाख से ज्यादा ठीक हो चुके हैं। मॉस्को में इस समय 2.16 लाख से ज्यादा मामले हैं।
इजरायल: 532 नए मामले
इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि देश में 532 नए मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 22,044 हो गई है। मरने वालों की संख्या 308 हो गई है। देश में अब तक 15,940 मरीज ठीक हो चुके है। सक्रिय मामलों की संख्या 5796 है, जो कि चार मई के बाद से सबसे अधिक है।
मैक्सिको: 24,324 मौतें
मैक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि 24 घंटे में संक्रमण से 947 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही यहां मरने वालों की संख्या 24,324 हो गई है। वहीं, देश में एक दिन में 5473 नए मामले केस मिले हैं। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1.96 लाख हो गई है। एक दिन पहले देश में संक्रमण के 6288 मामले और 793 मौतें दर्ज की गईं।
English
French
German
Italian