दुनिया में 63.17 लाख संक्रमित, अमेरिका में अगले महीने 20 हजार और मौतें हो सकती हैं

world @ दुनिया में अब तक 63 लाख 17 हजार 340 संक्रमित हैं। 3 लाख 74 हजार 990 की मौत हो चुकी है। राहत की खबर यह कि इसी दौरान 28 लाख 76 हजार 319 स्वस्थ भी हुए। सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के पूर्व निदेशक टॉम फ्रीडेन ने सोमवार को अगले महीने संक्रमण से 20 हजार और लोगों की मौतों का अनुमान लगाया है। वे पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में सीडीसी के निदेशक थे। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की महामारी विशेषज्ञ जेनिफर नूजो ने ‘एक्सियोस हेल्थ’ को बताया कि लोगों में गलत धारणा है कि हम कोरोना के खतरे से बाहर आ रहे हैं।

स्पेस में नो सोशल डिस्टेंसिंग, गले मिले एस्ट्रोनॉट
कोरोनावायरस के चलते पूरी दुनिया में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है। लेकिन धरती से दूर अंतरिक्ष में अलग ही नजारा देखने को मिला। हाल ही लॉन्च हुए स्पेस एक्स के जरिए नासा के एस्ट्रोनॉट जैसे ही इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में पहुंचे, उन्होंने वहां पहले से मौजूद एस्ट्रोनॉट्स को गले लगा लिया। नासा के दोनों एस्ट्रोनॉट करीब 24 घंटे की यात्रा कर स्पेस स्टेशन पहुंचे थे। नासा ने एस्ट्रोनॉट्स के गले मिलने का वीडियो शेयर किया।

न्यूयॉर्क: एक दिन में 54 की मौत
न्यूयॉर्क में रविवार को 54 लोगों की जान गई। गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने सोमवार को कहा कि पश्चिमी न्यूयॉर्क में मंगलवार से रीओपनिंग के दूसरे चरण की शुरुआत हो सकती है। साथ ही कहा कि सामूहिक सभाएं संक्रमण के प्रसार को और बढ़ा सकती हैं। अफ्रीकी-अमेरिकी जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस हिरासत में हुई मौत के विरोध में देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। क्यूमो ने कहा कि लोगों को घर से बाहर निकलने से मना करना भी मुश्किल है। राजधानी क्षेत्र में दूसरे चरण की शुरुआत बुधवार को होगी।

रूस: 24 घंटे में 9,035 मरीज मिले
रूस में 24 घंटे में 9,035 नए मरीज मिले हैं और 162 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक संक्रमण के मामले 4.14 लाख हो गए हैं। यह अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरा सबसे संक्रमित देश है। देश में सबसे संक्रमित मॉस्को में सोमवार से लॉकडाउन में ढील देनी शुरू की गई है।

No Comments

Leave A Comment