देश में अब 1 लाख 97 हजार 808 केस; दिल्ली में संक्रमित ने अस्पताल में खुदकुशी की
New delhi @ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 97 हजार 808 हो गई है। सोमवार को महाराष्ट्र में 2361 नए मरीज मिले और 76 ने जान गंवाई। राज्य में अब संक्रमितों की संख्या 70 हजार के पार पहुंच गई है। अब तक कोरोना से 2362 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, दिल्ली में 990 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं और 50 मरीजों ने दम तोड़ा। राजधानी के बत्रा अस्पताल में भर्ती 63 साल के संक्रमित ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वह दिल्ली जल बोर्ड का रिटायर्ड कर्मचारी था।
सोमवार को तमिलनाडु में 1162, दिल्ली में 990, गुजरात में 423, प. बंगाल में 271, राजस्थान में 269, हरियाणा में 265, मध्यप्रदेश में 194, कर्नाटक में 187, जम्मू-कश्मीर में 155, ओडिशा में 156, आंध्रप्रदेश में 105, बिहार में 65 और असम में 51 मरीज मिले। इनके अलावा 139 मरीज और बढ़े, लेकिन किन राज्यों में यह स्पष्ट नहीं हो सका। इससे पहले रविवार को रिकॉर्ड 8763 मरीज बढ़े। यह लगातार तीसरा दिन था, जब 8 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। मई महीने में देश में 1 लाख 55 हजार 756 मरीज बढ़े, 82 हजार 796 ठीक हुए और 4254 लोगों की मौत हुई।
ये आंकड़े covid19india.org के आधार पर हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 90 हजार 535 संक्रमित हैं। इनमें से 93 हजार 322 का इलाज चल रहा है। 91 हजार 818 ठीक हुए हैं, जबकि 5394 की मौत हो चुकी है।
आईसीएमआर के हेडक्वार्टर में संक्रमित, स्टाफ घर से काम करेगा
कोरोना टेस्टिंग की जिम्मेदारी संभाल रही इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के दिल्ली मुख्यालय तक संक्रमण पहुंच चुका है। यहां रविवार को एक सीनियर साइंटिस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये वैज्ञानिक पिछले दिनों मुंबई से दिल्ली आए थे और उन्होंने आईसीएमआर के डायरेक्टर जनरल बलराम भार्गव और अन्य अधिकारियों के साथ मीटिंग भी की।
सूत्रों के मुताबिक, अब सैनिटाइजेशन के लिए आईसीएमआर मुख्यालय दो दिन बंद रहेगा। इस दौरान स्टाफ को घर से काम करने के लिए कहा गया है। अगर जरूरत पड़ी तो सिर्फ कोविड-19 के लिए बनी कोर टीम ही ऑफिस आएगी।
English
French
German
Italian