19 जून को मध्य प्रदेश समेत 7 राज्यों की 18 राज्यसभा सीटों पर मतदान

mp @ केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा निर्वाचन-2020 के लिए सोमवार को चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर दी। प्रक्रिया मार्च से चल रही थी, लेकिन कोरोना के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। मध्यप्रदेश में तीन सीटों के लिए चुनाव होने हैं। राज्यसभा निर्वाचन के लिए मतदान 19 जून शुक्रवार को सुबह 9 बजे से शाम को चार बजे के बीच कराया जाएगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से होगी। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 22 जून को पूरी हो जाएगी। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर निर्वाचन होना है। आयोग ने मतदान की तिथियां घोषित करते हुए जारी अपने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि मप्र सहित सात राज्यों में 18 सीटों पर राज्यसभा के लिए मतदान होना है। कोविड-19 के कारण पूर्व में यह निर्वाचन स्थगित कर दिए गए हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी होंगे ऑब्जर्वर
भारत निर्वाचन आयोग ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश को राज्य में राज्यसभा निर्वाचन के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। आयोग ने राज्यसभा निर्वाचन वाले राज्यों के मुख्य सचिवों को कहा है कि वे अपने-अपने राज्यों में एक वरिष्ठ अधिकारी को तैनात करें, जो काविड-19 के संदर्भ में कंटेनमेंट उपायों आदि के निर्देशों के अनुरूप मतदान के दौरान व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।

तीन सीटों पर चार प्रत्याशी
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव होना है। कांग्रेस ने जहां दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया को उम्मीदवार बनाया है तो भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी प्रत्याशी हैं। इन सभी के नामांकन पत्र संबंधी सभी औपचारिकताएं पहले ही पूरी हो गई थीं।

No Comments

Leave A Comment