दुनिया में 35.65 लाख संक्रमित और 2.48 लाख मौतें : दावा- साल के अंत तक वैक्सीन होगा
world @ दुनिया में करोनावायरस से अब तक दो लाख 48 हजार 241 लोगों की मौत हो चुकी है। 35 लाख 65 हजार 110 संक्रमित हैं, जबकि 11 लाख 53 हजार 912 ठीक हो चुके हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को फॉक्स न्यूज से इंटरव्यू में दावा किया कि साल के अंत तक हम वैक्सीन बना लेंगे। इस दौरान उन्होंने वायरस को लेकर डेमोक्रेट्स की प्रतिक्रिया की आलोचना की। कहा कि वे इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
अमेरिका: एक दिन में 1450 मौतें
अमेरिका मे 24 घंटे में 1450 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में मरने वालों की संख्या 68 हजार 598 हो गई है। 11 लाख 88 हजार 122 संक्रमित हैं। देश के सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क में 24 हजार 648 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लाख 23 हजार 883 संक्रमित हैं। उधर, अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने रविवार को कहा कि इस बात के पक्का सबूत हैं कि वायरस की शुरुआत वुहान के लैब से हुई है। कहा कि अब तक के सबसे अच्छे विशेषज्ञों को लगता है कि यह मानव निर्मित था। मेरे पास इस बात पर अविश्वास करने का कोई कारण नहीं है।
ब्राजील: संक्रमण के केस 1 लाख के पार
ब्राजील में संक्रमण मामले एक लाख के पार हो गए हैं। मरने वालों की संख्या 7025 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में 24 घंटे में 4588 नए केस मिले और 275 लोगों की मौत हुई। रियो डी जनेरियो में सैकड़ों लोगों ने राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो के समर्थन में रैली निकाली और जिला प्रशासन की वायरस से निपटने के प्रयासों की आलोचना की। रियो डी जनेरियो के गवर्नर विल्सन विट्जेल ने बोलसोनारो के मार्च की आलोचना करते हुए ट्वीट किया- राष्ट्रपति ऐसे समय प्रदर्शन में भाग लेकर एक बुरा उदाहरण पेश कर रहे हैं, जब स्थानीय अधिकारी वायरस के प्रसार की रोकथाम के लिए लोगों को आइसोलेशन के लिए कह रहे हैं।
English
French
German
Italian