अब तक 1 लाख 84 हजार मौतें : अमेरिकी नौसेना के 26 जहाज संक्रमण की चपेट में

world @ दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक एक लाख 84 हजार 217 लोगों की मौत हो चुकी है। 26 लाख 37 हजार 673 संक्रमित हैं, जबकि 7 लाख 17 हजार 625 ठीक हो चुके हैं। अमेरिकी नौसेना के 40 जहाज महामारी की चपेट में थे। इनमें से 26 अभी भी प्रभावित हैं, जबकि 14 पर संक्रमित क्रू पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। एक नौसेना अफसर ने बुधवार को ये जानकरी दी। उधर, जर्मनी के सभी 16 राज्यों में सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

अमेरिका: 47 हजार से ज्यादा मौतें
अमेरिका में एक दिन में 2341 जान गई है। यहां अब तक 47 हजार 676 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, संक्रमण के मामले 8 लाख 48 हजार 994 हो गए हैं। देश में सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क में अब तक 20 हजार से ज्यादा जान जा चुकी है। वहींं यहां दो लाख 62 हजार 268 संक्रमित हैं।

ट्रम्प ने इमिग्रेशन सस्पेंड करने के आदेश पर हस्ताक्षर किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को घोषणा की कि उन्होंने अस्थाई रूप से इमिग्रेशन सस्पेंड करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। देश में अब 60 दिनों तक विदेशी नागरिकों के आने पर रोक होगा। उन्होंने कहा कि इससे अमेरिकी नागरिकों को नौकरी के मौके पहले मिलेंगे। हम चाहते हैं कि अमेरिकियों को पहले नौकरी और स्वास्थ्य सुविधा मिलें। हम पहले अपने नागरिकों की सुरक्षा चाहते हैं। 60 दिनों के बाद या इसी दौरान हम इसकी सीमा बढ़ा भी सकते हैं।

ब्रिटेन: मृतकों की संख्या ज्यादा हो सकती है
ऑफिस फॉर नेशनल स्टैटिक्स के मुताबिक, फाइनेंशियल टाइम्स ने बताया है कि ब्रिटेन में मृतकों की संख्या 41 हजार से ज्यादा हो सकती है। इसमें कहा गया है कि देश में केवल उन्हीं मौतों की गिनती की जा रही है, जो हॉस्पिटल में हुई है। इससे अलग मरने वालों की गिनती इसमें नहीं की जा रही। इससे पहले एक रिपोर्ट में कहा गया था कि ब्रिटेन में 10 अप्रैल तक 13,121 लोगों की जान गई थी, जबकि सरकार के आंकड़ों में 9,288 बताया गया था। फिलहाल, यहां 18 हजार मौतें हो चुकी हैं।

No Comments

Leave A Comment