दुनिया में कोरोना वायरस से मौतों का आंकड़ा 1 लाख पार, अमेरिका में पांच लाख संक्रमित

world @ दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक एक लाख दो हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 16 लाख 97 हजार संक्रमित हैं। वहीं तीन लाख 76 हजार ठीक हो चुके हैं। ब्रिटेन में 24 घंटे में 980 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही यहां मौतों का आंकड़ा आठ हजार 958 हो गया है। यहां कोरोना से संक्रमित एक 102 साल की बुजुर्ग महिला पूरी तरह ठीक हो चुकी हैं। उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शुक्रवार को कहा कि अगर लॉकडाउन खत्म करने में दुनियाभर के देशों को जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। इससे और ज्यादा लोगों की मौत हो सकती है।

अमेरिका: न्यूयॉर्क में 24 घंटे में 777 मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में 2,034 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक कुल 18 हजार 719 लोग जान गंवा चुके हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमण के करीब पांच लाख दो हजार मामले अमेरिका में ही हैं। वहीं न्यूयॉर्क ने संक्रमण के मामले में सभी देशों को पीछे छोड़ दिया है। यहां अब तक एक लाख 72 हजार 358 मरीज मिल चुके हैं। राज्य में 24 घंटे में 777 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही मौतों का आंकड़ा सात हजार 844 हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि देश में लगाए गए प्रतिबंधों में स्थिति सामान्य होने तक कोई ढील नहीं दी जाएगी। अमेरिका में अब तक 20 लाख से ज्यादा लोगों का टेस्ट किया जा चुका है। देश में ब्लड बेस्ड सेरोलॉजी टेस्ट भी शुरू की जाएगी। इससे लोग संक्रमित है या नहीं या उनकी रोग प्रतिरक्षा कैसी है, इसकी जानकारी मिल सकेगी।

इटली: 24 घंटे में 570 मौतें
इटली के प्रधानमंत्री जूजेप्पे कॉन्टे ने देश में लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। इससे पहले यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया था, जिसे 13 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। इटली में कोरोना से 24 घंटे में 570 लोगों की मौत हुई है, जबकि संक्रमण के करीब चार हजार मामले सामने आए हैं। कोरोना से यहां सबसे ज्यादा 18 हजार 849 लोगों की मौत हुई है। वहीं अब तक एक लाख 47 हजार संक्रमित हो चुके हैं।

फ्रांस: अब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत
फ्रांस में शुक्रवार को 987 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही वहां मौतों का आंकड़ा 13 हजार से ज्यादा हो गया है। इटली, स्पेन और अमेरिका के बाद फ्रांस चौथा देश हैं, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

No Comments

Leave A Comment