दुनियाभर में अब तक 14 लाख संक्रमित और 82 हजार जान गई

WORLD @ दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक 82 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 14 लाख लोग संक्रमित हैं, जबकि तीन लाख दो हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, अमेरिका में 24 घंटे में लगभग दो हजार लोगों ने दम तोड़ा। यहां अब तक 12 हजार 841 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और कनेक्टिकट में एक दिन में 1,024 लोगों की जान गई है। उधर, चीन में कोरोना का एपिसेंटर रहे वुहान में बुधवार को 76 दिनों का लॉकडाउन खत्म हो गया।

अमेरिका: न्यूयॉर्क में 10 हजार नए केस
अमेरिका में चार लाख लोग संक्रमित हैं। बीबीसी के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि डब्ल्यूएचओ को और पहले ही महामारी को लेकर चेतावनी जारी करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अमेरिका संगठन की फंडिंग पर रोक लगाएगा। डब्ल्यूएचओ केवल चीन केंद्रित है। हालांकि, थोड़ी देर के बाद ही कहा कि मैं ये नहीं करूंगा। वहीं, ट्रम्प ने कहा कि ब्रिटेन ने हमसे 200 वेंटिलेटर्स मांगे हैं। हमारे पास अभी 8,675 वेंटिलेटर है और अगले कुछ दिनों में एक लाख दस हजार होंगे। इनमें से कुछ विदेशों में भी भेजे जाएंगे।

फ्रांस: 24 घंटे में 1,417 लोगों की मौत
फ्रांस में 24 घंटे में 1,417 लोगों की मौत हुई है जबकि संक्रमण के 11 हजार 59 नए मामले सामने आए हैं। देश में मौतों का आंकड़ा 10 हजार 328 हो गया है। वहीं, एक लाख नौ हजार लोग संक्रमित हैं। नोट्रेडम कैथेड्रल चर्च में आग लगने के एक साल के बाद गुड फ्राइडे के दिन कुछ ही लोग प्रार्थनासभा में शामिल हो पाएंगे। पेरिस के आर्कबिशप माइकल एपेटिट ने बताया कि केवल कुछ लोग ही पवित्र सप्ताह के दौरान होने वाले जनसमूह में शामिल होंगे। बाकि लोग रेडियो या टेलीविजन पर इसे सून या देख सकेंगे। नोट्रेडम कैथेड्रल चर्च में पिछले साल 15 अप्रैल को आग लगी थी। फ्रांस में 17 मार्च से 15 अप्रैल तक लॉकडाउन है।

चीन: 62 नए मामले
चीन में बुधवार को कोरोनावायरस के 62 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें 52 देश के बाहर के हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि मंगलवार को दो मौतें हुई हैं, एक शंघाई में और दूसरी हुबेई प्रांत में। यहां जनवरी के बाद पहली बार सोमवार को एक भी मौत दर्ज नहीं की गई। वुहान से 8 अप्रैल को लॉकडाउन पूरी तरह खत्म हो गया है। करीब 76 दिनों के बाद शहर के लोग अपने घर से निकल रहे हैं। देश में अब तक 81 हजार 802 लोग संक्रमित हैं, तीन हजार 333 की मौत हो गई है। जबकि 77 हजार 279 लोग ठीक भी हुए हैं।

No Comments

Leave A Comment