कोरोना के खिलाफ अमेरिका का बड़ा कदम, ट्रंप कर सकते हैं इमरजेंसी का ऐलान
world @ चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने वैश्विक महामारी का रूप ले लिया है. अमेरिका और भारत समेत दुनिया के 118 से ज्यादा देश कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं. अब कोरोना वायरस से निपटने के लिए अमेरिका में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने की तैयारी की गई है. माना जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर सकते हैं.
भारतीय समयानुसार आज रात 12:30 बजे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोरोना वायरस को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका में इमरजेंसी की घोषणा कर सकते हैं. दुनियाभर में कोरोना के मरीजों की संख्या एक लाख 38 हजार 153 से ज्यादा हो चुकी है. कोरोना वायरस से अब तक 5080 लोगों की मौत भी हो चुकी है, जबकि 70 हजार से ज़्यादा लोग ठीक हो चुके हैं. चीन के बाद कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले यूरोप में देखने को मिले हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डायरेक्ट जनरल ने कहा कि यूरोप कोरोना वायरस का केंद्र बन गया है. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए सिर्फ टेस्ट करने या सिर्फ भीड़भाड़ से दूर रहने या सिर्फ आइसोलेशन से काम नहीं चलेगा. इसको रोकने के लिए सभी कदम एक साथ उठाए जाएं.
चीन के वुहान से फैला कोरोना वायरस दुनियाभर में पैर पसारता जा रहा है. हालांकि अब चीन में कोरोना वायरस का असर कुछ कम हुआ, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में कोरोना के मामलों में 24 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. सिंगापुर ने अपने समुद्री बंदरगाहों पर आने वाले जहाजों को किनारे आने से रोकने का फैसला किया है. फ्रांस में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी बंद कर दिए गए हैं. बेल्जियम ने इटली की तरह लॉकडाउन की घोषणा की है. पूरा इटली वीरान हो गया है.
English
French
German
Italian