देश में कोरोनावायरस के 81 मामले / भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बाकी दो मैच रद्द

. ईरान से 44 भारतीयों को मुंबई लाया गया, ईरान में 6 हजार से ज्यादा भारतीय फंसे हैं

. हरियाणा, दिल्ली ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित किया, ओडिशा ने आपदा बताया

. एयर इंडिया की इटली, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, दक्षिण कोरिया और श्रीलंका की उड़ानें 30 अप्रैल तक रद्द

india @ देश में कोरोनावायरस के मामलों की संख्या गुरुवार को 81 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इसमें भारत के 64, इटली के 16 और कनाडा का एक व्यक्ति शामिल है। संक्रमण की आशंका के मद्देनजर सात राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद करने का फैसला लिया गया है। कई राज्यों में सार्वजनिक कार्यक्रमों पर पाबंदी लगा दी गई है। दिल्ली और हरियाणा ने कोरोनावायरस को महामारी और ओडिशा ने आपदा घोषित किया है। दिल्ली में स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने कहा कि अगर कोई संक्रमित या संदिग्ध इलाज से इनकार करता है तो उस पर एक्शन लिया जाएगा। कई राज्यों में खेलों को लेकर भी एडवायजरी जारी की गई है।

इस बीच, कोरोनावायरस से बुरी तरह प्रभावित ईरान से 44 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का विमान शुक्रवार को मुंबई पहुंचा। इन सभी लोगों को आइसोलेशन में रखा जाएगा। ईरान के अलग-अलग प्रांतों में 6 हजार से ज्यादा नागरिक फंसे हुए हैं। सरकार इन्हें वापस लाने के प्रयास कर रही है।

एमपी में सभी स्कूल अनिश्चितकाल के लिए बंद :

कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग रश्मि अरुण शमी ने आदेश जारी करते हुए बताया- 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। इसके अलावा 15 मार्च से भोपाल के ऐशबाग, ध्यानचंद स्टेडियम और साई सेंटर पर होने वाले नेशनल हॉकी टूर्नामेंट को भी टाल दिया गया है।

मध्यप्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय में अफसरों की बैठक बुलाई गई। कोरोना वायरस की स्थिति और प्रदेश में इसे लेकर स्वास्थ्य महकमे की क्या तैयारी की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया- प्रदेश के बड़े अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं।

No Comments

Leave A Comment