ट्रम्प के दौरे को लेकर अहमदाबाद में रहेगी त्रिस्तरीय सुरक्षा, 10 हजार सुरक्षा जवान होंगे तैनात

world @ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी 24 से 27 फरवरी के दौरान यहां मोटेरा स्टेडियम और गांधी आश्रम आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसलिए मोटेरा, चांदखेड़ा और साबरमती इलाके की एक-एक सोसाइटी की क्राइम ब्रांच द्वारा जांच की जाएगी। इन तीनों इलाकों में पिछले 5 महीने में रहने आए किराएदारों से भी पूछताछ की जाएगी। ‘केम छो ट्रम्प’ कार्यक्रम सितंबर 2019 में अमेरिका के ह्यूस्टन में हुए ‘हाउडी मोदी’ की तर्ज पर होगा।

इस दौरे के दौरान सभी स्थलों पर तीन स्तरों में सुरक्षा तैनात की जाएगी। 10 हजार से अधिक पुलिस जवानों को स्टेडियम, एयरपोर्ट, गांधी आश्रम पर सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा। ट्रम्प एयरपोर्ट से मोटेरा स्टेडियम तक हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे या सड़क से, यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन, पुलिस दोनों पहलुओं के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था कर रही है। दौरे के दौरान सभी स्थलों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इसके अलावा जिस रूट से वे गुजरेंगे, उसके दोनों तरफ बम डिस्पोजल स्क्वॉड की ओर से एक-एक स्थल की जांच की जाएगी।

प्रोटोकॉल के अनुसार एनएसजी और एसपीजी कमांडो तैनात रहेंगे। जिस तरह अमेरिकी सीक्रेट सर्विस कहेगी, उसी के अनुसार सुरक्षा में बदलाव किया जाएगा। इसके लिए भी फोर्स स्टैंड बाय रखी गई है।

No Comments

Leave A Comment