मौसम विभाग ने जारी किया प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज-यलो अलर्ट
MP @ अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान ‘निसर्ग’ का प्रभाव आज शाम से मध्यप्रदेश के अधिकतर स्थानों पर देखने को मिल सकता है, जिसके चलते तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि ‘निसर्ग’ का प्रभाव हालांकि प्रदेश में सुबह से ही देखने को मिलने लगा था, जिसके चलते होशंगाबाद, खरगोन और खंडवा के कुछ स्थानों पर वर्षा हुई। उन्होंने बताया कि दोपहर इसके महाराष्ट्र के अलीबाग में टकराने के बाद इसकी दिशा में हल्का परिवर्तन हुआ है और अब इसका प्रभाव प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में ज्यादा देखने काे मिल सकता है।
डॉ. शुक्ला के अनुसार, पहले ऐसी संभावना जताई गई थी कि इसका प्रभाव पश्चिमी मध्यप्रदेश के हिस्से में ज्यादा रहेगा, लेकिन अब इसका प्रभाव होशंगाबाद, जबलपुर, भोपाल, उज्जैन और सागर संभाग के जिलों में अधिक रहेगा, जिसके चलते वहां तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि इसका प्रभाव प्रदेशभर में देखा जा सकता है, जिसके चलते अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि इसका असर आज शाम से ही देखने को मिल सकता है, जिसके चलते प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में बारिश की संभावना है। इसका असर कल भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर रहने के आसार हैं। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों के कई शहरों में 1 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। राजधानी भोपाल में बुधवार को दोपहर बूंदाबांदी हुई और 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। शाम तक बारिश हो सकती है।
मालवा-निमाड़ दिखने लगा असर
निसर्ग चक्रवात का असर मालवा-निमाड़ में भी दिखाई देने लगा है। रात में बारिश के बाद बुधवार दोपहर बुरहानपुर में आधे घंटे फिर से तेज बारिश हुई। इसके कारण लालबाग रोड समेत पूरा शहर तरबतर हो गया। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश और आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। बड़वानी में भी सुबह से ही बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, कमिश्नर आकाश त्रिपाठी ने इंदौर संभाग के 8 जिलों में हालात को देखते हुए क्षेत्र में मुनादी करने के निर्देश जारी किए हैं। जबकि उज्जैन में तूफान को देखते हुए कलेक्टर ने जिलेवासियों से घरों में रहने की अपील की है। इधर, मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में यलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पर्यटन स्थलों को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
English
French
German
Italian