देश में अब तक 49 हजार 570 केस, बीएसएफ के 85 और जवान कोरोना पॉजिटिव

india @ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 49 हजार 570 हो गई है। अब तक 14 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए। इस बीच, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 85 और जवानों का कोरोना पॉजिटिव आया है। इसके साथ संक्रमित जवानों की कुल संख्या 154 हो गई है। वहीं, दो जवान स्वस्थ हो गए हैं। उधर, केरल हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई। इसमें कहा गया कि अस्पतालों द्वारा मरीजों की व्यक्तिगत जानकारी लीक होने की आशंका है। कोर्ट इस पर संज्ञान ले और राज्य सरकार को दिशा निर्देश दे। हालांकि, कोर्ट इस मामले में अगली सुनवाई 11 मई को करेगा।

मंगलवार को महाराष्ट्र में 984, गुजरात में 441, पंजाब में 219, दिल्ली में 206, मध्यप्रदेश में 107, उत्तरप्रदेश में 114, राजस्थान में 97, तमिलनाडु में 508 समेत 2966 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इससे पहले सोमवार को सबसे ज्यादा 3900 संक्रमित बढ़े। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 49 हजार 391 हैं। 33 हजार 514 का इलाज चल रहा है। 14 हजार 182 ठीक हो चुके हैं और 1694 की मौत हुई। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 1020 संक्रमित ठीक भी हुए। संक्रमितों की रिकवरी रेट 27.41% है।

तेलंगाना सरकार ने लॉकडाउन 29 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए यह प्रतिबंध जरूरी है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद जिले में भी डीएम ने 31 मई तक लॉकडाउन के प्रतिबंध जारी रखने का आदेश दिया है।
कर्नाटक राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को आंकड़े जारी किए। मंगलवार शाम पांच बजे से आज दोपहर 12 बजे तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव के 19 नए मामले सामने आए। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 692 हो गई है। वहीं, राज्य सरकार ने बताया कि कोरोना वित्तीय पैकेज के रूप में 1610 करोड़ रुपए जारी करेगी सरकार।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को लॉकडाउन का आकलन करने के लिए कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इसमें उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि 17 मई के बाद क्या होगा और लॉकडाउन कब तक चलेगा? उन्होंने पूछा कि भारत सरकार यह तय करने के लिए कौन सा मापदंड अपना रही है।

No Comments

Leave A Comment