उज्जैन में देर रात चैंबर से टकराई बाईक, एक युवक की मौत, शव का हुआ पोस्टमार्टम

NIRBHAY SINGH BHATI

UJJAIN @ सीवर लाइन के चैंबर से टकराकर पूर्व विधायक नारायण प्रसाद शर्मा के इकलौते पोते अक्षत शर्मा (24) की मौत हो गई। शनिवार रात ढाई बजे वह दोस्त के जन्मदिन की पार्टी मना कर बुलेट से घर लौट रहा था। अक्षत पेशे से वकील था। पिता पेट्रोल पंप व्यवसायी हैं। महाकाल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत बन रही सड़क पर ऐसे चैंबर शहरभर में बने हैं। इनसे आए दिन हादसे होते रहते हैं।

क्षीर सागर निवासी अक्षत दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने इंदौर रोड स्थित होटल में गया था। वहां से रात करीब दो बजे बुलेट से घर के लिए निकला। उसके साथ अन्य दोस्त अपनी गाड़ियों से थे। हरिफाटक ब्रिज पार करके वह इंदौर गेट पहुंचा, तभी सीवर पाइप लाइन के बने चैंबर से गाड़ी टकरा गई।

टकराने के बाद अक्षत ने संतुलन खो दिया। हवा में उछलते हुए वह डिवाइडर पर गिरा, जिससे सिर में गंभीर चोट आ गई। पीछे आ रहे दोस्तों ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। जब तक एंबुलेंस आती, तब तक अक्षत अचेत हो गया था। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

No Comments

Leave A Comment