मध्यप्रदेश में अब तक 562 कोरोना संक्रमित मामले, 43 लोगों की मौत
MP @ उज्जैन शहर में रविवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए। इसके साथ ही जहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। वहीं, अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि एक ही परिवार के तीन लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। नए मिले मरीजों में एक सात साल का बच्चा है, जबकि दूसरी 65 वर्षीय महिला है। 7 साल का बच्चा कोट मोहल्ला का रहने वाला है, जबकि 65 साल की महिला रामप्रसाद भार्गव मार्ग निवासी है। संक्रमित दोनों लोग कुछ दिन पहले मृत काेरोना पॉजिटिव महिला के परिवार के हैं। प्रशासन ने कोट मोहल्ला और रामप्रसाद भार्गव मार्ग दोनों को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर रखा है। उधर, शनिवार रात एक संदिग्ध महिला की मौत के बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
उज्जैन में संदिग्ध की मौत, आगर में पिता- बेटी संदिग्ध
शनिवार रात एक संदेही महिला की मौत हो गई। उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्हें बुधवार को माधव नगर अस्पताल में भर्ती किया था और गुरुवार को सैंपल लिया था। उमा देवी को अस्थमा व पेट फूलने की वजह से भर्ती किया गया था। वहीं, आगर-मालवा जिले के मुल्तानी मोहल्ला निवासी पिता-पुत्री को सांस लेने में तकलीफ होने पर सैंपल लेने के बाद इंदौर रैफर कर दिया। परिवार के 30 लोगों की स्क्रीनिंग कराई जाएगी। संदिग्ध व परिवार के अन्य सदस्य इंदौर गए थे और 6 अप्रैल को ही वापस आगर आए हैं। शनिवार को उज्जैन के 50 मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इनमें कोट मोहल्ला निवासी 20 लोग, नागदा के युवक के संपर्क में आने वाले 10 और पांच पुलिसकर्मी व अन्य शामिल हैं।
इंदाैर में दाे और संक्रमितों की मौत की पुष्टि
शहर में लगातार संक्रमित मरीजों के साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। सीएमएचओ प्रवीण जड़िया के अनुसार एमआरटीबी अस्पताल के चेस्ट वार्ड में भर्ती दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनकी मौत पूर्व में ही हो चुकी है। मृतकों में सोमनाथ की चाल निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग और मोती तबेला निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के लिहाज से शनिवार इंदौर के लिए बड़ा झटका देने वाला दिन साबित हुआ है। एक ही दिन में एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जारी हुई दो रिपोर्ट में 49 नए पॉजिटिव सामने आए। इसके साथ ही कुल मरीजों का आंकड़ा 311 पर पहुंच गया। पॉजिटिव मरीजों में बॉम्बे हॉस्पिटल के एक डॉक्टर व नर्स भी हैं। इधर, रविवार को दो मरीजों के मौत की पुष्टि के साथ ही यह आंकड़ा 32 पर पहुंच गया है।
रतलाम में व्यापारी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव
रतलाम शहर के मोचीपुरा के एक फुटवियर व्यापारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ऐसा इसलिए क्योंकि फुटवियर व्यापारी लॉकडाउन में घर से दान दिया करता था। मामले में प्रबंधन की चूक भी सामने आई है। क्योंकि व्यापारी अस्पताल से 6 अप्रैल को भाग गया था। शनिवार को ही 5-5 लोगों की 8 टीमें बनाकर क्षेत्र में सर्वे करवाया गया। फिलहाल, मरीज को मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया। कोरोना पॉजिटिव परिवार के संपर्क में रहे 64 लोगों को देर रात तक क्वारैंटाइन कर दिया गया। परिवार के 14 लोगों को मेडिकल कॉलेज में रखा गया है।
English
French
German
Italian