दिल्ली हिंसा : मध्यप्रदेश में अलर्ट जारी, प्रशासन ने छुट्टी पर लगाई रोक, सोशल मीडिया पर नजर

india @ दिल्ली हिंसा को देखते हुए मध्यप्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीएए और एनआरसी को लेकर दिल्ली में हुई हिंसा में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मध्यप्रदेश के उज्जैन सहित महानगरों और हर जिले में अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट जारी करते हुए मुस्तैद रहने को कहा है। इसके साथ ही इन दिनों अवकाश पर भी जाने पर रोक लगाई गई है। जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। वहीं, सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अलर्ट जारी करते हुए कहा गया है सोशल मीडिया में भड़काऊ पोस्ट करने वालों और भड़काऊ भाषण देने वालों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाए। इसके साथ-साथ उन लोगों पर भी नजर रखी जाए जो प्रदेश के अमन और शांति को बिगाड़ सकते हैं।

मध्यप्रदेश के जबलपुर में अलर्ट जारी किया गया है। जिले के सभी थाना प्रभारी और साइबर सेल को सतर्क कर दिया गया है। जबलपुर पुलिस अधीक्षक के अनुसार दिल्ली में हुई हिंसा के मद्देनजर जबलपुर में पुलिस अलर्ट है। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क किया गया है। वहीं सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जबलपुर में भी हिंसा हुई थी।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। साइबर सेल भी पूरा तरह से सक्रिय है। इसके साथ ही ग्वालियर और इंदौर में भी अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि मध्य प्रदेश में कई जगहों पर सीएए के विरोध में धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली में हुए उपद्रव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को एहतियात के तौर पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आने वाले त्यौहारों को देखते हुए प्रशासन ने निर्देश दिए हैं।

No Comments

Leave A Comment